धारचूला (पिथौरागढ़)। अब दारमा घाटी के लोगों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी। पहली बार दारमा घाटी में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने अपना ग्राहक सेवा केंद्र शुरू किया है। इसके जरिए लोगों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा।
बुधवार को दारमा घाटी के तीजम में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक अध्यक्ष हरिहर पटनायक ने फीता काटकर ग्राहक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को सभी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक कुकरेती ने कहा कि यह बैंक का पहला ग्राहक सेवा केंद्र होगा।
इस दौरान अधिकारियों ने बैंक की सुविधाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस मौके पर अंकित जायसवाल, किरण कार्की, धारचूला शाखा प्रबंधक प्रवीण जीना, ग्राम प्रधान हरेंद्र दानू आदि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने ग्राहक सेवा केंद्र खोलने के लिए उत्तराखंड ग्रामीण बैंक का आभार जताया।