फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहीं पहुंच पाए नए नोट

Sat, 12 Nov 2016 10:29 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़।
विज्ञापन
बैंक में कामकाज ठप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में अब तक नए नोट नहीं पहुंच पाए हैं। बैंकों के पास अब 100, 50 के नोटों की कमी होने लगी है। इस कारण पुराने नोट के बदले लोगों को सिक्के थमाए जा रहे हैं। शनिवार को द्वितीय शनिवार के अवकाश के बावजूद बैंक खुले रहे। अफरा तफरी का माहौल ज्यादा बढ़ गया। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने इतनी ज्यादा भीड़ एकत्र हो गई कि पालिका चौराहे तक कतार लग गई। परेशान लोगों का आक्रोश भी अब सामने आने लगा है। 
विज्ञापन


बैंकों में कैश और नोट बदलने की पर्याप्त व्यवस्था न हो पाने से लोग खासे नाराज हैं। अब तक नए नोटों का न आना, एटीएम का संचालन न होना लोगों की मुसीबत बढ़ाता जा रहा है। दिन प्रतिदिन लोगों की कठिनाई बढ़ती जा रही है। लोगों के पास घर की जरूरतों के लायक पैसा नहीं रह गया है। सभी जगह हाहाकार की स्थिति है।

आज नोट जमा कराने वालों की संख्या में थोड़ा कमी आ गई लेकिन अप्रचलित नोटों के बदले प्रचलित नोट लेने वालों की भीड़ कम नहीं हो रही है। बैंक के अधिकारियों के पास भी इस बात का कोई जवाब नहीं है कि स्थिति कब तक सामान्य होगी और नए नोट कब तक आएंगे।
विज्ञापन


स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने आज सुबह एक बार फिर भारी अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। अन्य बैंकों की हालत ऐसी है कि कई में तो कैश शुक्रवार की रात ही समाप्त हो गया। छोटे बैंकों में जमा करने के लिए कैश की राशि भी कम मात्रा में ली जा रही है। सभी जगह सिर्फ नोटों की ही चर्चा है। 

मुनस्यारी। तहसील मुख्यालय के छह बैंकों में से किसी में भी कैश नहीं है। अव्यवस्था से नाराज लोगों ने बैंकों के आगे जमकर हंगामा काटा। मदकोट, बंगापानी, नाचनी, क्वीटी के किसी भी बैंक में पैसा नहीं है। अब यहां स्थिति ज्यादा गंभीर होने लगी है। कोलकाता से आए पर्यटक संदीप कुमार को पैसा न होने के कारण भारी मुसीबत झेलनी पड़ी। उनका पांव ट्रैकिंग के दौरान फ्रैक्चर हो गया था। हल्द्वानी तक जाने के लिए वह कार बुक कराने की सोच रहे थे टिकट के लायक रुपए का इंतजाम कर वह रोडवेज की बस से रवाना हुए। ग्रामीण अंचलों के किसी भी बैंक में पैसा नहीं है। इस बदइंतजामी को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है।

गणाईगंगोली। 500-1000 के नोट बंद होने के झमेले के बीच गणाईगंगोली  क्षेत्र के लोगों को बीएसएनएल की खराब इंटरनेट सेवा से झुनझना पड़ रहा है। इंटरनेट के काम न करने से गणाईगंगोली की भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शुक्रवार की दोपहर दो बजे लेनदेन ठप है। नोट जमा नहीं हो पा रहे हैं, लोग बंद हो चुकी करेंसी बदल नहीं पा रहे हैं।

लोग इंटरनेट सेवा ठीक होने की आस में घंटों बैंक के बाहर इंतजार करने के बाद मायूस होकर घरों को लौट रहे  हैं। क्षेत्र में बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा अक्सर खराब रहती है। ऐन मौके  में फिर इंटरनेट ठप होने से लोग भारी फजीहत का सामना कर रहे हैं। शाखा प्रबंधक ललित सिंह नितवाल ने इंटरनेट के काम न करने से लोगों को हो रही दिकत को स्वीकार करते हुए कहा कि इंटरनेट काम करने लगेगा तो ग्राहकों को तत्परता से सेवा प्रदान की जाएगी। बैंक ने पहले दो दिन में करीब 4 करोड़ की रकम जमा की थी। 

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में सिर्फ आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम ने ही लोगों को राहत दी है। बैंक का एटीएम शुक्रवार की अपराह्न से चालू हो गया। एटीएम से इस वक्त 100 रुपए का नोट ही निकल रहे है। एटीएम से एक बार में मात्र दो हजार रुपए की राशि ही निकल रही है। बैंक ने ऐसा प्रबंध किया है कि एटीएम ने रुपए की किसी भी समय कमी न रहे। जिला मुख्यालय में अन्य किसी बैंक शाखा का एटीएम चालू नहीं हुआ है।

आईसीआईसीआई बैंक के मैनेजर घनश्याम भट्ट ने बताया कि उनके बैंक का एटीएम लगातार चालू रहेगा। बैंक के पास रुपए की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बैंक पुराने नोटों को जमा कराने और पुराने नोटों को बदलने का काम लगातार जारी रखा गया है। महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जा रही है। श्री भट्ट ने कहा कि लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। वह धैर्य के साथ अपने पुराने नोट जमा कराने और बदलने का काम कर सकते हैं। नगर में विभिन्न बैंकों के जितने भी एटीएम लगे हैं उनके शटर आज भी नहीं खुल पाए। लोग रोज एटीएम चालू होने की उम्मीद में चक्कर काट रहे हैं। 

झूलाघाट (पिथौरागढ़)। एसएसबी ने भारत-नेपाल को जोड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर शनिवार शाम 5:30 बजे एक व्यक्ति के कब्जे से 2 लाख 83 हजार 500 रुपए पकड़े हैं। इनको बिजनौर यूपी के प्रेमपुरी मोहल्ला निवासी राधेश्याम नेपाल की तरफ से लेकर आया था। राधेश्याम नेपाल में बिजनेस के सिलसिले में जाता रहता है।

बताया गया है कि नेपाल से भारतीय क्षेत्र को 25 हजार रुपए से ज्यादा राशि लाने की अनुमति नहीं है। एसएसबी के एरिया ऑर्गेनाइजर ओमप्रकाश ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति के पास नेपाल की संचार कंपनियों के दो और भारत की संचार कंपनियों के चार सिम भी मिले हैं। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया और नोटों को जांच के लिए बैंक के पास भेज दिया गया है। पकड़ने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र भट्ट, दिला चंद्र भट्ट भी शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें