तहसील के भागीचौरा क्षेत्र में 2 माह से पेयजल की सप्लाई बंद होने से क्षेत्र में पानी का भीषण संकट पैदा हो गया है। भागीचौरा के लोग 5 किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। पेयजल संकट के कारण कई होटल व्यवसायियों ने अपने होटल बंद कर दिए हैं।
भागीचौरा विकास संघर्ष समिति के संरक्षक विवेक जोशी ने कहा कि 2 माह से ननकूड़ी-भागीचौरा पेयजल योजना से पानी आना बंद हो गया है। इस संबंध में कई बार जल संस्थान पिथौरागढ़ के अधिकारियों से कहा जा चुका है लेकिन योजना को शीघ्र सही करने के आश्वासन के अलावा जल संस्थान पानी लाने की कोई पहल नहीं कर रहा है। भागीचौरा में 10 साल से होटल चला रहे लाल सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी में भी कभी पानी की ऐसी किल्लत नहीं होती थी। विभागीय लापरवाही के चलते उन्हें अपना 10 साल से चला होटल बंद करना पड़ा है। सामाजिक कार्यकर्ता भरत ऐरी ने कहा कि पानी के संकट को शीघ्र दूर नहीं किया गया तो ग्रामीण नेशनल हाईवे में जाम लगाकर आंदोलन शुरू कर देंगे। इधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा का कहना है कि पेयजल लाइन की मरम्मत का काम जल्दी शुरू हो जाएगा। जेई और लाइनमैन के लाइन की स्थिति देखने के लिए भेजा गया है।