पिथौरागढ़ के हुड़ेती में बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन करते युवा।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत हुड़ेती के युवाओं ने बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गांव को जोड़ने वाला मार्ग महादेव धारा पुल के पास लंबे समय से खस्ताहाल बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से मार्ग तालाब बना गया है।
मंगलवार को तालाब बन चुकी सड़क पर यूथ कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक तिवारी के नेतृत्व में युवाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने कहा सड़क चलने लायक नहीं रह गई है। आसपास के मकानों में भी बरसात का पानी घुस रहा है। कई बार नगरपालिका, लोनिवि के अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है, पर मार्ग की हालत जस की तस बनी हुई है।
प्रधान प्रतिनिधि रजत उप्रेती ने कहा कि मार्ग की दशा नहीं सुधारी गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में उप प्रधान महेंद्र कुमार, सचिन उप्रेती, अजय उप्रेती, रवि चौहान, महिपाल वल्दिया, दीपक कुमार, शुभम कोहली, मनोज कोहली, अनुज उप्रेती, लक्की, रोहित, मनीष, लोकेश, मुकेश, नितिन, चारू चंद्र आदि शामिल थे।