पांखू चौसाला-नौलड़ा निर्माणाधीन मोटर मार्ग जगह-जगह खराब।
- फोटो : PITHORAGARH
पांखू (पिथौरागढ़)। पीएमजीएसवाई खंड की पांखू-चौसाला-नौलड़ा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि बीतने के बाद भी निर्माण अधूरा रह गया है। इससे 14 गांवों की 13 हजार की आबादी यातायात सुविधा से वंचित है। सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने के लिए लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
पीएमजीएसवाई खंड ने वर्ष 2016 में 29.400 मीटर लंबे पांखू चौसाला-नौलड़ा मोटर मार्ग का निर्माण शुरू किया। चार साल बाद भी सड़क निर्माण अधूरा है। पहले फेस में 60 फीसदी काम हुआ। 40 फीसदी काम अभी बाकी है। पांच पुलों का निर्माण भी नहीं हो पाया है। सबसे लंबा 36 मीटर स्पान पुल रामगंगा नदी पर बनना है। निर्माण अधूरा होने के कारण आवाजाही करना लोगों के लिए कठिन हो रहा है। वहीं दूसरे चरण में आठ किमी सड़क का काम हो चुका है।
पहले फेस का काम पूरा न होने से चौसाला, नौलड़ा, मड़, भटीगांव, कोटगाड़ी, मदीगांव, चौसाला, जजोली, अधौली, बलीगाड़, सिंटोलिया समेत 14 गांव की 13 हजार की आबादी परेशान है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभाग अनुभवहीन ठेकेदार को करोड़ों का काम दे दिया गया। सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह ने बताया कि कोरोना के कारण सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार को अतिरिक्त समय दिया गया था, लेकिन अनुभव न होने के कारण वह इसे पूरा नहीं कर पाया। उन्होंने बताया कि सड़क न होने के कारण लोगों को घरों के लिए राशन अपने कंधों पर ढोना पड़ रहा है।
देवेंद्र रौतेला ने कहा कि दो माह में सड़क निर्माण पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं पीएमजीएसवाई खंड के ईई दिनेश कुमार ने भी माना कि इस सड़क की हालत खराब है। सड़क की गुणवत्ता सुधारकर शीघ्र ही सड़क निर्माण जल्द पूरा कर जनता को लाभ दिलाया जाएगा। है।