मूनाकोट (पिथौरागढ़)। मूनाकोट ब्लॉक के धारी ऐर सहित कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क 15 साल से प्रस्तावित है। ग्रामीणों को पक्की सड़क का बेसब्री से इंतजार है लेकिन इस कार्य के टेंडर होने के बाद भी डामरीकरण शुरू न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने शीघ्र डामरीकरण की मांग की है। उन्होंने 10 दिन के भीतर डामरीकरण शुरू करने की मांग की है। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। मूनाकोट ब्लॉक के बड़ाबे-धारी ऐर सड़क कटिंग का कार्य वर्ष 2006 में हो गया था।
लोनिवि के अधीन इस सड़क पर डामरीकरण न होने से तल्लगांव, मल्लगांव, सलिया, धारी ऐर, डिगरा, बेलतड़ी, रोलियागांव के लोगों को दिक्कतें हो रहीं हैं। डामरीकरण के लिए ग्रामीण कई बार लोनिवि को पत्र भी भेज चुके हैं।
इसके बाद भी सड़क में डामरीकरण के लिए जरूरी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। लंबे समय से सड़क पर काम न होने से सुरक्षा दीवार गिर चुकी है। पांच किमी लंबी सड़क पर बरसात में लोग जान हथेली में रखकर यात्रा करते हैं।
सड़क के बदहाल होने से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में दिक्कतें हो रही हैं। गर्भवती महिलाएं पांच किमी पैदल यात्रा कर अस्पताल पहुंचने को मजबूर हैं। धारी ऐर की प्रधान रीना देवी और दीपक सिंह ऐर ने बताया कि गड्ढायुक्त सड़क पर कोई भी टैक्सी वाहन नहीं चलता है।
कुछ वाहन चलते भी हैं तो उनका किराया अधिक है। इसलिए डामरीकरण न होने पर उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की भी चेतावनी दी है।
धारीगैर सड़क निर्माण कार्य के टेंडर हो चुके हैं। धरोहर राशि जमा कर बांड बनाने की प्रक्रिया गतिमान है। जल्द ही सड़क में डामरीकरण का काम शुरू हो जाएगा।
- यतीश बिष्ट, कनिष्ठ अभियंता, लोनिवि पिथौरागढ़।
बनबसा (चंपावत)। बमनपुरी की प्रधान भावना नेगी ने विधायक कैलाश गहतोड़ी से शहीद दुर्गादत्त मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग की है। उन्होंने विधायक निधि से की गई दो लाख रुपये की घोषणा के तहत इस मार्ग के जीर्णोद्धार कार्य को बरसात से पहले शुरू कराने की मांग की है।
विधायक को भेजे पत्र में ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्रामसभा स्थित पेट्रोल पंप के पीछे स्थित संपर्क सीसी मार्ग को सरकार ने शहीद दुर्गादत्त मार्ग घोषित किया है। यह काफी जीर्णशीर्ण है। इस मार्ग पर कई जगह गहरे गड्ढे पड़ चुके हैं।
सड़क का मलबा किनारे किसानों के के खेतों तक पहुंच नुकसान कर रहा है। इस मार्ग से लोगों को आवागमन में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने इसी वर्ष फरवरी में इस सड़क के जीर्णोद्धार को विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की थी लेकिन प्रशासन ने विधायक निधि से इस मार्ग का जीर्णोद्धार नहीं किया है। प्रधान ने विधायक से शीघ्र उक्त ग्रामीण संपर्क मार्ग के जीर्णोद्धार को विधायक निधि की राशि अवमुक्त कर संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।