पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में बीएसएनएल की संचार सेवा बुधवार को ठप हो गई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंटरनेट ठप होने से लोगों के ऑनलाइन काम नहीं हो सके।
बीएसएलएल की इंटरनेट सेवा सुबह से ही ठप रही। पिथौरागढ़ में ब्रॉडबैंड के कनेक्शन बीएसएनएल के हैं। ब्रॉडबैंड सेवा ठप होने के कारण लोगों के ऑनलाइन काम नहीं हो सके। इंटरनेट के काम न करने से साइबर संचालक भी खाली बैठे रहे। वड्डा से आए कार्तिक ने बताया कि वह ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा का फार्म भरने आए थे, लेकिन संचार सेवा बदहाल होने से उनका काम नहीं हो सका। ब्रॉडबैंड सेवा ठप होने से बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को सबसे अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु भट्ट ने कहा कि बीएसएनएल भगवान भरोसे है, जबकि नगर की सबसे बड़ी आबादी बीएसएनएल के सहारे ही है। ग्रामीण क्षेत्र में सिर्फ बीएसएनएल की सेवा लगातार लचर होती जा रही है। पूर्व छात्रसंघ महासचिव निर्मल भट्ट ने कहा कि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।