धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत क्षेत्र में संचार सेवा सुधारने के लिए व्यापार संघ ने बीएसएनएल कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध, प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही व्यवस्थाएं ठीक नहीं गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
व्यापार संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह थापा के नेतृत्व में व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को मल्ली बाजार के बीएसएनएल कार्यालय में तालाबंदी की। एसबीआई शाखा के पास बैंक प्रबंधन के खिलाफ भी नारेबाजी की।
व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र ने कहा कि पिछले माह से संचार सेवा चरमरा गई है। इससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। व्यापारी नवीन खर्कवाल और नेत्र सिंह ने कहा कि सीमांत में अधिकतर बैंक खाते एसबीआई और डाकघर में हैं।
नेटवर्क सेवा बाधित होने से एसबीआई और डाकघर में काम नहीं हो पा रहा है। इससे व्यापार पर भी असर पड़ा रहा है। घंटों इंतजार के बाद भी बैंक में स्थानीय लोगों को नकदी नहीं मिल रहा है। इससे ग्रामीणों को भी निराश लौटना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बैंक प्रबंधन को भी अपनी नेट सेवा सुधारनी चाहिए। शीघ्र ही बैंक और डाकघर प्रबंधन के खिलाफ भी प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि अगर अधिकारियों की मनमानी नहीं रुकी तो धारचूला बाजार बंद किया जाएगा।
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर आवाजाही भी रोक दी जाएगी। इस दौरान ओम कापड़ी, कमल कौशल, बिशन कौशल, राजीव कोहली, राजेश कुटियाल, अनिल खनाल, रवि फिरमाल, प्रकाश गुंज्याल, पूरन कोरंगा आदि रहे।
बीआरओ के सड़क निर्माण और जंगल में लगी आग के कारण ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) कई बार कट जा रही है, जिससे संचार सेवा बाधित हो रही है।
कहीं भी ओएफसी कटने की सूचना मिलने पर निगम के कर्मचारी उसे यथाशीघ्र ठीक कर रहे हैं। सड़क निर्माण के दौरान बीआरओ को ओएफसी बचाने का ध्यान देना चाहिए। ताकि संचार सेवा बाधित न हो।
- सोनू कुमार, जेटीओ, बीएसएनएल धारचूला
संचार सेवा के लिए अस्कोट के लोगों ने किया प्रदर्शन
अस्कोट (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में संचार सेवा की बदहाली से लोगों में आक्रोश है। नाराज लोगों ने संचार कंपनियों और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
आक्रोशित लोग बृहस्पतिवार को अस्कोट बाजार में एकत्र हुए। उन्होंने यहां संचार कंपनियों और सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में संचार सेवा की बदहाली के कारण लोग परेशान हैं।
कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देने के बाद भी व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा है, जबकि संचार कंपनियां थ्रीजी, फोरजी रिचार्ज के नाम पर अधिक वसूली कर रही हैं जबकि नेट की स्पीड टूजी स्तर की है।
उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता तनुज पाल, योगेश धामी, जतिन पाल, हरीश धामी, जितेंद्र धामी, गणेश धामी, महेश भंडारी आदि रहे।