जौलजीबी (पिथौरागढ़)। नेपाल प्रहरी को चकमा देकर एक युवक झूलापुल से भारत आ गया। ड्यूटी पर तैनात एसएसबी के जवानों ने उसे लौटने को कहा तो युवक ने पुल के गेट नहीं खोलने पर काली नदी में छलांग लगाने की धमकी दे दी। जवानों ने गेट खोलने के बाद युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
जौलजीबी के तल्ला बगड़ निवासी युवक संजय सिंह कुछ माह पहले रिश्तेदारी में नेपाल गया था। लॉकडाउन के कारण झूला पुल बंद होने से युवक अपने घर नहीं लौट पा रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार दिन में संजय नेपाल पुलिस को चकमा देकर झूलापुल के फाटक के ऊपर चढ़कर भारत की ओर चला आया और एसएसबी जवानों से गेट खोलने का अनुरोध करने लगा। जब ड्यूटी में तैनात जवानों ने गेट खोलने की अनुमति नहीं होने की बात कही तो युवक ने गेट नहीं खोलने पर नदी में छलांग लगाने की धमकी दे दी। उसके तेवर देखते हुए सुरक्षा बल के जवानों ने गेट खोलकर युवक को पकड़कर जौलजीबी थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने नाम-पता पूछने के बाद युवक के परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया। युवक के नेपाल प्रहरी को चकमा देकर झूलापुल से भारत आने की क्षेत्र में खासी चर्चा रही।