पिथौरागढ़। मूनाकोट के खंड विकास अधिकारी प्रकाश वर्मा ने अपने दफ्तर में जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। कार्यालय में मौजूद कर्मियों की सजगता की वजह से उनकी जान बच गई। जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। जहरीला पदार्थ खाने के पीछे राजनीतिक दबाव को वजह बताया जा रहा है।
जिला मुख्यालय से लगे पपदेऊ गांव निवासी बीडीओ प्रकाश वर्मा बृहस्पतिवार को रोज की तरह कार्यालय पहुंचे। कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने कर्मचारियों के साथ चाय पी और अपने केबिन में चले गए। कुछ देर बाद उल्टियां उल्टियां करने की आवाज सुनकर जब ब्लाक कर्मचारी उनके कक्ष में पहुंचे तो उन्होंने जहरीला पदार्थ पीने की बात कही। इससे दफ्तर में हड़कंप मच गया। फौरन वर्मा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके स्वास्थ्य में सुधार है।
मूनाकोट के बीडीओ ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसकी जांच की जाएगी। उनका स्वास्थ्य ठीक है। मेडिकल टीम को उनका बेहतर उपचार कराने को लेकर निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच कराई जाएगी। - डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, डीएम पिथौरागढ़।