पिथौरागढ़। पुलिस और एसओजी ने टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 40.78 ग्राम स्मैक जब्त की है।
इस मामले में एक युवक और एक सैन्यकर्मी की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मैदानी क्षेत्रों से स्मैक खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे थे और युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
पुलिस और एसओजी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में युवक और महिला बड़ी मात्रा में स्मैक ला रहे हैं। घाट चौकी के पास संदिग्ध कार को रोका गया तो चालक युवक भागने लगा जिसे टीम ने घेरकर पकड़ लिया।
कार की तलाशी में डैशबोर्ड से 40.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान पिथौरागढ़ नगर के पूल्ड आवास, टकाना निवासी 31 वर्षीय हिमांशु जोशी उर्फ हेम और मदली तल्ली, चंपावत निवासी 35 वर्षीय ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों यूएसनगर के झनकट से स्मैक खरीदकर लाए थे। वे इसे खुद इस्तेमाल करने के साथ-साथ ऊंचे दामों पर युवाओं को बेचना चाहते थे। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी की पूरी कड़ी खंगाल रही है, जिससे और भी नाम सामने आ सकते हैं।