बारिश से विण विकासखंड के नैनीभनार और तुलानी के पैदल पुल बह गए हैं। सड़क में चट्टान गिरने से थल-डीडीहाट सड़क 16 घंटे तक बंद रही, जबकि गणाईगंगोली-अल्मोड़ा सड़क 3 घंटे तक बंद रही।
विण ब्लाक के नैनीभनार और तुलानी में पुल बहने से ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या पैदा हो गई है। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा, ग्राम प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष रघुवीर सिंह ने क्षेत्र भ्रमण कर नुकसान का जायजा लिया। बोहरा ने बताया कि इलाके को जाने वाली सड़क को भी नुकसान पहुंचा है। बोहरा और सिंह ने पुलों, रास्तों के निर्माण का मामला जिला प्रशासन के सामने रखने की बात कही है।
उधर, राजस्व उप निरीक्षक मनोहर दत्त अवस्थी ने भी क्षति का आकलन किया। उप निरीक्षक ने बताया कि क्षति की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। वहीं, थल-डीडीहाट जाने वाली सड़क मंगलवार शाम 6 बजे पमतोड़ी के पास चट्टान गिरने से बंद हो गई थी। बुधवार सुबह 10 बजे सड़क खुल पाई। सड़क बंद होने के कारण डीडीहाट के एसडीएम जयभारत सिंह का वाहन भी थल की ओर फंसा रहा।
इधर, गणाईगंगोली-अल्मोड़ा सड़क में बुधवार सुबह करीब 7 बजे चौकीबैंड के पास भारी मलबा आ गिरा था। इस सड़क की देखरेख का जिम्मा एशियन डेवलपमेंट बैंक के डिवीजन का है। डिवीजन के अधिकारियों को सड़क बंद होने की जानकारी दी गई तो उन्होंने सड़क खुलवाने में आपदा मद में धन न मिलने का हवाला देते हुए हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद लोनिवि बेड़ीनाग के अधिशासी अभियंता पीसी टम्टा को लोगों ने सड़क बंद होने की जानकारी दी। लोनिवि के ईई ने जेसीबी भेजी। स्थानीय लोगों और यात्रियों के सहयोग से सुबह 10 बजे सड़क खुल सकी। इसके अलावा कनालीछीना के मल्ली बाजार में बारिश का पानी दुकानों में घुस रहा है। लोनिवि के स्कवर बंद पड़े हैं। कनालीछीना मुख्य बाजार में बुधवार को वर्षों से बंद पड़े स्कवर को बीआरओ ने खोल दिया।