इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) ने अपनी ओर से जारी आंकड़े में कहा है कि पिथौरागढ़ जिले में 94 फीसदी लोगों के आधार कार्ड बन चुके हैं लेकिन गैस एजेंसी में जाकर आधार कार्ड लिंक कराने वालों की संख्या अभी भी 56.2 फीसदी से आगे नहीं बढ़ पाई है। अपने गैस कनेक्शन को आधार लिंक न कराने वाले उपभोक्ताओं को अप्रैल से सिलेंडर प्राप्त करने में दिक्कत आ सकती है। उनकी सब्सिडी भी रुक सकती है। गैस एजेंसी के अधिकारी लगातार आधार लिंक कराने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है।
पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय की गैस एजेंसी में ही इस समय तक मात्र 16070 उपभोक्ताओं ने आधार कार्ड लिंक करा रखा है। जबकि इस गैस एजेंसी के अधीन 28583 उपभोक्ता हैं। जिले के अन्य स्थानों पर स्थित गैस एजेंसियों की हालत इससे भी खराब है। कहीं कहीं पर तो 30 फीसदी उपभोक्ताओं ने ही आधार कार्ड को गैस कनेक्शन से लिंक करा रखा है। आीओसी ने गैस कनेक्शन के साथ आधार कार्ड लिंक कराना अनिवार्य किया है। उपभोक्ता को अपना आधार कार्ड का नंबर रसोईगैस कनेक्शन के साथ फीड कराना है और बैंक खाते को भी उससे जोड़ना है।
गैस एजेंसी के प्रबंधक डीके जोशी ने बताया कि आधार कार्ड लिंक न कराने वाले उपभोक्ता अप्रैल से मुसीबत में आ सकते हैं। उनको रसोईगैस का सिलेंडर प्राप्त करने में दिक्कत आ सकती है और सब्सिडी भी बंद हो सकती है। प्रबंधक ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि परेशानी से बचने के लिए वह तत्काल अपना आधार नंबर लिंक करा लें।