चंपावत। दियूरी से चल्थी मोटर मार्ग परियोजना चार साल से वन भूमि स्वीकृति के अभाव में अटकी है। इससे पांच हजार से अधिक ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2022 में इस 10.6 किलोमीटर सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी।
ढाई करोड़ रुपये की यह परियोजना वन भूमि की अनुमति न मिलने से आगे नहीं बढ़ पाई। हजारों लोगों को इससे लाभ मिलेगा। दियूरी के लोगों को टनकपुर जाने के लिए 35 किलोमीटर अतिरिक्त चलना पड़ता है।
बरसात में आवाजाही और मुश्किल हो जाती है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने पर वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।