पिथौरागढ़। एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिक समारोह में शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के अनाथ बच्चों ने भी रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से विवेक का गुण जागृत करना होगा।
पंत ने कहा कि सबसे पहले युवा पीढ़ी को दुर्गुण छोड़ने होंगे। सुसंस्कृत बुद्धि मनुष्य को आजीवन सुरक्षा प्रदान करती है। डॉ. अजय शुक्ल ने कहा कि प्रकाश पंत इसी कॉलेज के छात्र रहे हैं। छात्रसंघ अध्यक्ष नितिन मारकना ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. डीएस पांगती ने कहा कि शिक्षा ज्ञान देने के साथ-साथ हृदय और आत्मा का विकास करती है।
डॉ. हेम चंद्र पांडे के संयोजन में मुख्य अतिथि ने शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया, राजेंद्र रावत, गोपू महर, बसंत जोशी, उमा पांडे, गंगोत्री दताल आदि उपस्थित थे। इस मौके पर डॉ. गिरीश पंत, डॉ. पंकज भट्ट, प्रो. पुष्कर बिष्ट, अभिषेक पंत आदि ने सहयोग दिया।