पिथौरागढ़ में डीएम को ज्ञापन सौंपते व्यापारी।
- फोटो : AMAR UJALA
पिछले वर्ष कैलास मानसरोवर यात्रा का व्यापारियों को भुगतान नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने भुगतान नहीं होने पर कैलाश मानसरोवर यात्रा रोकने की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा है कि पिछले वर्ष कैलास मानसरोवर यात्रा का आधार शिविर पिथौरागढ़ बनाया था। यात्रा पिथौरागढ़ से धारचूला के गुंजी तक हेलीकॉप्टर से हुई। इस दौरान पायलट पिथौरागढ़ के होटलों में रहे। इस दौरान राशन भी स्थानीय व्यापारियों से खरीदा गया।वाहन भी किराए पर लिए गए। कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से अभी तक पूरा भुगतान नहीं किया गया है। इससे व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष शमशेर महर ने जिलाधिकारी से व्यापारियों का भुगतान करने के लिए केएमवीएन को निर्देशित करने की मांग उठाई। कहा कि यदि उनका भुगतान नहीं किया गया तो कैलास मानसरोवर यात्रा रोक दी जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष आशीष सौन, होटल एसोसिएशन के राकेश देवलाल, संजय मल, महिला उपाध्यक्ष भावना लोहनी, टैक्सी यूनियन के दीपक लुंठी और विपिन पंत शामिल थे।