ऐंचोली-स्यूनी सड़क निर्माण की मांग पर प्रदर्शन करते क्षेत्र के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
ऐंचोली से स्यूनी तक प्रस्तावित सड़क का निर्माण न होने से लोगों में गुस्सा है। सोमवार को क्षेत्र के लोगों ने डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य गोदावरी देवी ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
ऐंचोली से स्यूनी तक की यह सड़क कई वर्षों से स्वीकृत है। पीएमजीएसवाई को सड़क निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। एक ठेकेदार के नाम निविदा भी खुली है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि यदि ठेकेदार काम नहीं करना चाहता तो दूसरे व्यक्ति को यह काम सौंपा जाए, ताकि सड़क का निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके। सड़क न बनने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इलाके तक 108 वाहन और रसोई गैस का वाहन नहीं पहुंच पाता।
इधर, डीएम सी रविशंकर ने लोगों को आश्वासन दिया है कि सड़क निर्माण में जो बाधा आ रही है, उसे जल्द ही दूर कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में आनंद सिंह, विनीत पाठक, किशन सिंह, विनय पांडे, कैलाश जोशी आदि थे। बता दें कि ऐंचोली से स्यूनी के लिए प्रस्तावित यह सड़क जिला मुख्यालय के नजदीक है। लोग इससे पहले भी सड़क को लेकर कई बार आंदोलन कर चुके हैं।