पिथौरागढ़ में मरीज को लेकर मुनस्यारी अस्पताल से पिथौरागढ़ जिला अस्पताल आ रही 108 एंबुलेंस के ब्रेक फेल हो गए। एंबुलेंस में सवार रोगी, चालक, फार्मासिस्ट और रोगी के तीन अन्य तीमारदारों को चोट आई है।
पिथौरागढ़ में मरीज को लेकर मुनस्यारी अस्पताल से पिथौरागढ़ जिला अस्पताल आ रही 108 एंबुलेंस के ब्रेक फेल हो गए। एंबुलेंस में सवार रोगी, चालक, फार्मासिस्ट और रोगी के तीन अन्य तीमारदारों को चोट आई है। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को होकरा निवासी खष्टी देवी (32) को चर्म रोग होने पर सीएचसी मुनस्यारी से पिथौरागढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया था। तीमारदार 108 एंबुलेंस से उसे पिथौरागढ़ जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे। करीब 60 किमी चलने के बाद एंबुलेंस बुंगाछीना पहुंची ही थी कि यहां उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस को सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा दिया। हादसे में चालक जयंत, फार्मासिस्ट शंकर, मरीज खष्टी देवी और उनके साथ मौजूद तीन अन्य मरीजों के सिर पर चोट आई है। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल के डॉ. डीएस महर का कहना है कि सभी घायलों की हालात सामान्य है।
एक जून को भी 108 के ब्रेक फेल हुए थे
पिथौरागढ़। एक जून को मुनस्यारी के पास मदकोट भगुना में एंबुलेंस ब्रेक फेल होने के कारण सड़क पर पलट गई थी। एंबुलेंस एक मरीज को लेकर मुनस्यारी की ओर जा रही थी। एंबुलेंस में चालक को मिलाकर पांच लोग सवार थे। सभी को हल्की-फुल्की चोटें आई थीं। लोगों का कहना है कि आए दिन 108 एंबुलेंस के ब्रेक फेल हो रहे हैं। इसके बाद भी व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा है।