अमर उजाला की ओर से आयोजित लक्ष्य 2015 कार्यक्रम में रविवार को दूसरे दिन संगम होटल और लुंठी बारातघर के हॉल में कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। बच्चों को विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने कॅरियर के टिप्स दिए।
मुख्य अतिथि देवसिंह राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य शिक्षाविद डा. अशोक कुमार पंत ने कहा कि यदि बच्चों को सही समय पर सही दिशा मिल जाए तो वह मंजिल तक पहुंच जाते हैं। डा. एपीजे अब्दुल कलाम के मिसाइलमैन बनने की कहानी को उन्होंने बड़े ही सरल तरीके से समझाया। डा. पंत ने इस तरह के आयोजनों का लाभ लेने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह लुंठी ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को पूरा सहयोग दिया जाएगा। प्रथम सत्र का संचालन करते हुए पत्रकार मुकेश पंत ने कहा कि आज ही के दिन अमर उजाला का नैनीताल संस्करण गौरवशाली 12वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इसे परम सौभाग्य ही कहा जाएगा कि आज के दिन पिथौरागढ़ में अमर उजाला की ओर से इतना भव्य कार्यक्रम किया जा रहा है। बाद में डा. पंत और लुंठी ने प्रतिभावान बच्चों को प्रमाणपत्र दिए। दूसरे और प्रमाणपत्र वितरण सत्र का संचालन बृजेश पांडे ने किया।
संगम होटल हॉल में चल रहे अमर उजाला एजुकेशन फेस्ट में एएनए बरेली, साईं इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड साइंस, देवस्थली विद्यापीठ रुद्रपुर, अपेक्स रुद्रपुर, बीएफआईटी, शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग, क्वांटम ग्लोबल कैंपस, एवालोन एकेडमी, श्री देवभूमि इंस्टीट्यूट, अपेक्स इंजीनियरिंग कालेज जयपुर, देवभूमि ग्रुप आफ इंस्टीट्यूसन, इंवर्टिस यूनिवर्सिटी बरेली, ब्रिलियंट ट्यूटोरियल, बीएमएम हल्द्वानी, डा. सुशीला तिवारी इंस्टीट्यूट होटल मैनेजमेंट, फोनिक्स रुड़की, जेबी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालाजी के स्टाल लगे हैं। स्टालों में आज भी भारी भीड़ जुट रही है। शाम को एजुकेशन फेस्ट का समापन हो गया।