मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। जोहार क्लब मैदान में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय महिला फुटबाल प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि केदार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और गेंद को किक मारकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता में पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, मुनस्यारी और लोहाघाट महाविद्यालय की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबला लोहाघाट और अल्मोड़ा के बीच बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। अल्मोड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लोहाघाट को 4-3 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की महिला फुटबाल टीम का चयन किया जाएगा जो नॉर्थ जोन और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेगी। यहां कोच लियाकत अली, अल्मोड़ा की कोच मनीषा मेहता, मुनस्यारी महाविद्यालय की नॉर्थ जोन खिलाड़ी कविता आदि मौजूद थे।