नववर्ष के स्वागत के लिए इस बार जिले के सभी पर्यटन स्थलों पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे। पर्यटकों का आना शनिवार से शुरू हो जाएगा। मुनस्यारी और चौकोड़ी में तो पर्यटक तीन से पांच दिन तक रुकते हैं, लेकिन अन्य स्थानों पर बुकिंग अधिकतम तीन दिन की हुई है। निजी होटलों के साथ-साथ कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवासगृहों में एडवांस बुकिंग आ गई है। चौकोड़ी और मुनस्यारी में तो ज्यादा भीड़ होने और कमरों की संख्या कम होने के कारण बुकिंग दिसंबर प्रथम सप्ताह से ही शुरू हो गई थी। मुनस्यारी में पर्यटक आवासगृह के अलावा 11 निजी होटल हैं।
पिथौरागढ़ पर्यटक आवासगृह के सभी कमरे बुक हैं। इनमें गुजरात, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के पर्यटकों की संख्या ज्यादा है। चौकोड़ी और मुनस्यारी में पश्चिम बंगाल के पर्यटक ज्यादा संख्या में आएंगे। पातालभुवनेश्वर में धार्मिक आस्था वाले पर्यटक गुफा के दर्शन को आएंगे। गंगोलीहाट में भी महाकाली दरबार के दर्शन के लिए भक्तों की संख्या बढ़ेगी।
किस आवासगृह में कितनी क्षमता
पिथौरागढ़। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवासगृह जिले के लगभग सभी स्थानों पर हैं। पर्यटक आवासीय व्यवस्था के लिए सबसे पहले टीआरसी को ही चुनते हैं। इनकी क्षमता इस प्रकार है-
पिथौरागढ़-44 बिस्तर
डीडीहाट-40 बिस्तर
चौकोड़ी-50 बिस्तर
मुनस्यारी-50 बिस्तर
धारचूला-62 बिस्तर
पातालभुवनेश्वर-16 बिस्तर
गंगोलीहाट-18 बिस्तर
बिर्थी-24 बिस्तर
थल-16 बिस्तर
मदकोट-16 बिस्तर
होम स्टे में गांव के नियम चलेंगे
मुनस्यारी। मुनस्यारी में पर्यटकों को आवासीय सुविधा देने के लिए 14 होम स्टे हैं। होम स्टे की समन्वयक मल्लिका विर्दी का कहना है कि इनमें रहने के लिए जो भी पर्यटक आएगा, उसे गांव के नियमों का पालन करना होगा। होम स्टे में नशापान करने, हुड़दंग करने की अनुमति नहीं होगी। पर्यटकों को गांव में बनने वाला भोजन ही परोसा जाएगा।
पुलिस व्यवस्था करने की मांग
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ पर्यटक आवासगृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी का कहना है कि 31 दिसंबर की रात पर्यटकों के लिए मडुवे की रोटी, पालक, मेथी की सब्जी बनाई जाएगी। उसके बाद मिठाई बांटी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आवासगृह में 31 दिसंबर की रात पुलिस का बंदोबस्त किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अशांति न हो।