चंपावत। नेपाल में भारी वर्षा और बाढ़ के कारण चंपावत जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। सेनानायक एसडीआरएफ के निर्देश पर टनकपुर स्थित एसडीआरएफ टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
शारदा बैराज, शारदा घाट और संवेदनशील तटीय इलाकों में जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। एसडीआरएफ टीम ने निचले इलाकों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों को नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका से जागरूक किया। लोगों से नदी के आसपास सावधानी बरतने और जोखिम नहीं लेने की अपील की गई। टीम जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे आपात स्थिति से निपटने को मुस्तैद है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने, समन्वय बनाने और नदियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष भी स्थिति पर नजर रख रहा है।
-
जिले के लोगों से उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। बच्चों और पशुओं को नदी तटों से दूर रखें।
-मनीष कुमार, डीएम, चंपावत