सीमांत धारचूला में नए उपजिलाधिकारी एके पांडे ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अभी तक यहां तैनात रहे प्रमोद कुमार को फिलहाल पिथौरागढ़ भेज दिया गया है। व्यापार संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नए उपजिलाधिकारी का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया। श्री पांडे इससे पहले देहरादून के विकासनगर में तैनात थे।
रविवार को व्यापार संघ उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुंज्याल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में व्यापारियों और अन्य लोगों ने नए एसडीएम का स्वागत किया। व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था सुधारने, लावारिस पशुओं से निजात दिलाने और नगर को पालीथिन मुक्त बनाने की मांग एसडीएम के सामने रखी। संचार सुविधा से वंचित क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाने का मामला भी उठाया।
एसडीएम एके पांडे ने कहा कि पर्यटन और विकास कार्यों के लिए प्रमुखता से काम किया जाएगा। जून 2013 की आपदा के बाद से बंद पड़ी सड़कों और पैदल रास्तों को प्राथमिकता के साथ खोलने का प्रयास किया जाएगा। वर्ष 2013 की आपदा के बाद रुके हुए पर्यटन को गति देने का काम किया जाएगा। कार्यक्रम में तहसीलदार केएस भंडारी, थानाध्यक्ष रोहताश सागर, कैलाश रावत, जगदेव डोगरा, भीम सिंह रावत, ओमप्रकाश कापड़ी, नवीन खर्कवाल, अब्दुल कलाम, देव कृष्ण थपलियाल, राजीव कोहली, राजू परमार, वीरेंद्र नपलच्याल, अशोक गुंज्याल, शंकर सिपाल, प्रभात सिंह, ओम प्रकाश वर्मा आदि थे।