पिथौरागढ़। खराब मौसम के बीच जिला मुख्यालय समेत लगभग पूरे जिले में बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। बाद में लोगों ने जोरदार प्रदर्शन भी किया। उपभोक्ताओं का विभाग से यह सवाल था कि जब धौलीगंगा पावर प्रोजेक्ट की बिजली नियमित चंडाक स्थित पावर ग्रिड के सब स्टेशन में आ रही है तो नगर में अधिकांश इलाकों में कटौती का क्या कारण है। लोगों ने नगर क्षेत्र में बिछाई गई लाइन और ट्रांसफार्मर लगाने में हाल के दिनों में किए गए खर्च की राशि की जांच की मांग भी उठाई है।
पालिका सभासद विक्रम वाल्मीकि के नेतृत्व में बिजली विभाग के दफ्तर पहुंचे लोगों में भारी गुस्सा था। टकाना, रई क्षेत्र में दो दिन से बिजली सप्लाई भंग है। लोगों का कहना था कि विभाग के अधिकारी बेलगाम हो गए हैं और उनको उपभोक्ताओं की कोई चिंता नहीं है। सबसे खास बात यह रही कि प्रदर्शन के दौरान आफिस में विभाग का कोई उच्चाधिकारी मौजूद नहीं था। सभासद विक्रम वाल्मीकि ने कहा कि जाड़े के इस मौसम में आम लोग तो परेशान हैं ही। साथ में परीक्षार्थियों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पढ़ाई ठप है। प्रदर्शन में रितेश कुमार, जसवंत सिंह, सविता देवी, खजान सिंह, तेजपाल भारती. विनोद कुमार, राजकुमार, शुभम कुमार, आशीष सिंह, सुराज सिंह समेत तमाम लोग थे।