पिथौरागढ़। कनालीछीना विकासखंड के दूरस्थ राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजाड़ी गांव में शैक्षिक और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। ओएनजीसी देहरादून की ओर से विद्यालय को कंप्यूटर, फर्नीचर, अलमारियां, म्यूजिक सिस्टम, हारमोनियम और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। साथ ही मुख्य सड़क से विद्यालय तक सोलर लाइट भी लगाई गई हैं। उत्तराखंड स्थापना माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में इस पहल पर प्रधानाध्यापक भुवन चंद्र पांडेय, सहायक अध्यापक नवीन चंद्र कापड़ी, एसएमसी अध्यक्ष मनीषा देवी समेत अभिभावकों और ग्रामीणों ने खुशी जताई।
नए सत्र से स्मार्ट क्लास की सुविधा मिलेगी
समारोह में मुख्य अतिथि ओएनजीसी देहरादून में प्रबंधक और अजाड़ी गांव के मूल निवासी जय प्रकाश पांडेय ने व्यक्तिगत स्तर से अपने दादा जी स्व. लक्ष्मी दत्त पांडेय के नाम से विद्यालय के होनहार बच्चों को मासिक छात्रवृत्ति प्रदान करने, नये सत्र से विद्यालय को स्मार्ट क्लास सेटअप प्रदान करने की घोषणा की। इस मौके पर ग्राम प्रधान त्रिभुवन पांडेय ने विद्यालय में एक लाख रुपये से विकास कार्य कराए जाने की घोषणा की।