पिथौरागढ़ गांधी चौक में निजी स्कूलों के खिलाफ आंदोलन में बैठे लोग। संवाद
- फोटो : प्रतीकात्मक।
पिथौरागढ़। गांधी चौक पर निजी स्कूलों के खिलाफ जाग उठा पहाड़ का आंदोलन 27वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए अस्कोट सहित कई अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने शीघ्र कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जाग उठा पहाड़ के संयोजक गोपू महर के नेतृत्व में शुक्रवार को भी अभिभावकों और अन्य लोगों ने शिक्षा विभाग और निजी स्कूलों के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के इतने दिन बाद भी निजी स्कूलों पर कार्रवाई नहीं की गई है। कई निजी स्कूल मानकों के अनुसार नहीं चल रहे हैं। उनके विद्यालय तो नगर में हैं पर खेल मैदान कहीं अन्य स्थानों पर दिखाए गए हैं। इसके अलावा निजी विद्यालय पुन: प्रवेश शुल्क, मरम्मत शुल्क और अन्य मदों पर शुल्क देने के लिए अभिभावकों पर दवाब बना रहे हैं।
इस दौरान अस्कोट से आए टिकेंद्र पाल और पिथौरागढ़ नगर पालिका के सभासदों ने आंदोलन को समर्थन दिया। वहां विक्रम महर, अनिल रौतेला, चंद्र बहादुर बम, आशीष सौन, पवन माहरा, कमल पांडेय, रवींद्र बिष्ट, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।