धापा गांव में आपदा प्रभावितों को चेक सौंपते मल्ला जोहार विकास समिति के सदस्य।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। मुनस्यारी और बंगापानी तहसील के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत राशि बांटी गई। इस दौरान मुनस्यारी के धापा गांव में 47 आपदा प्रभावित परिवारों को 3800 प्रति परिवार के हिसाब से एक लाख 78 हजार रुपये दिए गए। ग्राम सुरिंग बलोटा में 9 परिवारों को 34 हजार 200 रुपये, बुंगा के 13 परिवार मीनाल के 6 रांथी चरखम के 12 कुल 31 परिवारों को 64 हजार रुपये और छोरी बगड़ में 5 परिवारों को 19 हजार की राहत राशि बांटी।
डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने पशुपालन विभाग को आपदा के दौरान मरे पालतू पशुओं का पोस्टमार्टम कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। सीवीओ डॉ. विद्यासागर कापड़ी ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में 2 पशु चिकित्सकों समेत अन्य कार्मियों की दो टीम को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है जो पशुओं के टीकाकरण और दवा बांटने में लगी है।
यूपीसीएल के ईई धारचूला अमित कटारिया ने बताया कि आपदा में 72 गांवों में से 71 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। ग्राम जोशा में भूस्खलन से 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में अतिरिक्त विद्युत लाइन बिछाने के लिए सामान भेजा जा रहा है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
एसडीआरएफ ने टांगा गांव में आपदा प्रभावित को बांटा राशन
पिथौरागढ़। आपदा प्रभावित क्षेत्र टांगा और सिरतोला गांव में एसडीआरएफ की टीम ने आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री बांटी। राहत सामग्री के किट पाकर आपदा प्रभावितों ने एसडीआरएफ का आभार जताया। इस मौके पर एसआई मनोहर कन्याल, नवीन कुंवर, राम सिंह, पंकज भट्ट मौजूद रहे।