पिथौरागढ़। बाहरी क्षेत्रों से आ रहे मजदूरों को बिना जांच के किराए पर रखने वाले मकान मालिकों पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में सभासदों ने पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत को पत्र दिया।
सोमवार को पालिकाध्यक्ष को दिए पत्र में सभासदों ने कहा कि नगर क्षेत्र में बाहरी राज्यों से मजदूर बिना जांच के रह रहे हैं और बिना क्वारंटीन के मजदूरी करने निकल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे नगर में संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है।
उन्होंने ऐसे भवन स्वामियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान नपा अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने कहा कि कोविड काल में सभी को सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने कहा अगर कोई भवन स्वामी बाहरी क्षेत्रों से आए लोगों को बिना चिकित्सकीय प्रमाण के किराए पर रखेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर सभासद रवींद्र सिंह बिष्ट, महेश चंद्र पांडेय, सरस्वती मखौलिया, बसंत राम, नीरज कुमार, कमल कुमार पांडेय, कोमल वाल्मीकि, राधिका लुंठी, विजेंद्र महर, दीपा राणा, दिनेश सौन, राधा सूठा, अनिल माहरा, अनिल जोशी, भावना नगरकोटी मौजूद रहे।