बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। कराला महर के लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ बेड़ीनाग तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त की आपदा से गांव को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने क्षेत्र का निरीक्षण नहीं किया। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता गिरीश चंद्र पाठक के नेतृत्व में ग्रामीण हाथों में पोस्टर लिए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शासन प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। ग्रामीणों ने बताया कि 16 अगस्त सुबह 8 बजे भारी बारिश के कारण ग्रामीणों के आंगन, रास्ते, पेयजल, बिजली लाइन, शौचालय, कृषि भूमि क्षतिग्रस्त हो गई थी। प्रदर्शन में विनोद जोशी, गौरव पाठक, संजय पाठक, हर्षित पाठक, मनोज पाठक, मनोज कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।
कराला महर गांव में आई आपदा का संज्ञान लिया गया है। मैंने और विधायक ने क्षेत्र में पहुंचकर जानकारी ली है। भू-वैज्ञानिक से रिपोर्ट मांगी गई है। रास्ते और पेयजल की अस्थायी व्यवस्था की गई है। आपदा का आंकलन कर प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा।- अभय प्रताप सिंह, एसडीएम, बेड़ीनाग
रियांसी के आपदा प्रभावितों को मांगा मुआवजा
पिथौरागढ़। रियांसी गांव के आपदा प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
सोमवार को सुनील नाथ के नेतृत्व में लोग डीएम कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने यहां रियांसी गांव के आपदा प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने कहा कि 21 अगस्त को विण विकासखंड के रियासी गांव में मकान पर गिरने से घर में सो रहे पिता और दो बच्चों की मौत हो गई थी। इस मौके पर प्रकाश टम्टा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।