पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की एक सीट रिक्त रहने से पहले बैच की पढ़ाई शुरू होने में देरी हो गई है। कॉलेज प्रबंधन को रिक्त सीट भरने के लिए पांचवीं काउंसलिंग की सूची जारी होने का इंतजार है। ऐसे में 28 अक्तूबर से पहले बैच की पढ़ाई शुरू नहीं हो सकेगी।
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कुल 50 सीटें निर्धारित हैं। इनमें केंद्र कोटे की सात और राज्य कोटे की 43 सीटें शामिल हैं। 26 अक्तूबर को केंद्र कोटे की तीन और राज्य कोटे की दो रिक्त सीटों पर प्रवेश होने थे। प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम दिन केंद्र और राज्य कोटे की दो-दो सीटों पर विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसके बाद भी केंद्र कोटे की एक सीट रिक्त रह गई।
कॉलेज प्रबंधन को उम्मीद थी कि अंतिम दिन सभी सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और 28 अक्तूबर से पहले बैच की पढ़ाई शुरू हो सकेगी। हालांकि, एक सीट रिक्त रहने से कक्षाएं शुरू करने का कार्यक्रम टालना पड़ा है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, केंद्र कोटे की रिक्त सीट भरने के लिए पांचवीं काउंसलिंग की सूची जारी होने की उम्मीद है। सीट पर प्रवेश होने के बाद ही एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू की जा सकेंगी।
-
केंद्र कोटे की रिक्त सीट भरने के लिए जल्द ही काउंसलिंग सूची जारी होने की उम्मीद है। रिक्त सीट पर प्रवेश होने तक एमबीबीएस की कक्षाएं स्थगित की गई हैं।
-डॉ. एके सिंह, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़