मुनस्यारी नगर में व्यापारियों, महिलाओं और विभिन्न संगठन के लोगों ने लाडली को न्याय दिलाने की मांग पर रैली निकाली। लोगों ने कहा कि लाडली के साथ दरिंदगी कर उसकी निर्मम हत्या का दोषी सरकार की कमजोर पैरवी के कारण न्यायालय से बरी हो गया। ऐसे में अन्य पीड़िताओं को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
मुनस्यारी में शास्त्री चौक से व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाएं, युवा और बुजुर्गों के साथ ही विभिन्न संगठनों के लोगों ने रैली निकाली। सभी ने कहा कि हल्द्वानी में पिथौरागढ़ की लाडली के साथ दरिंदगी के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। तब दोषी को उच्च न्यायालय ने फांसी की सजा दी। सरकार की कमजोर पैरवी के चलते दोषी सर्वोच्च न्यायालय से बरी हो गया। साफ है कि सरकार लाडली को न्याय नहीं दिला सकी। कहा कि प्रदेश में कई बेटियां और महिलाएं इस तरह की दरिंदगी का शिकार हैं जो न्याय की उम्मीद लगाए हैं। ऐसे में उन्हें भी न्याय मिलना मुश्किल है।
सरकार इन पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए गंभीर नहीं है। कहा कि सरकार को पुनर्विचार याचिका दाखिल कर मजबूती से मामले की पैरवी करनी होगी। चेतावनी देते हुए कहा यदि लाडली को न्याय नहीं मिला तो सरकार को इसकी कीमत चुकानी होगी। जिला व्यापार संघ के आह्वान पर पिथौरागढ़ व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत और अन्य लोगों ने व्यापार मंडल की इकाइयों के साथ क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाया। सभी ने लाडली को न्याय दिलाने की इस लड़ाई में भागीदार बनने की अपील की। रैली में जगत मर्तोलिया, निखिल चंद, चंचल बोरा, हुकुम चिराल, नगर पंचायत अध्यक्ष राजू पांगती, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोहर टोलिया, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू, लोक बहादुर जंगपांगी, हीरा चिराल, गौरव बजेला, अजय कुमार, सुंदर जौहरी, हिमांशु धर्मशक्तू, नेहा पांगती, सती देवी, मीरा निखुर्पा, बिमला निखुर्पा और ब्लॉगर सीमा, चम्पा, राधा और पूजा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।