चंपावत। पूर्णानंद राजकीय इंटर कॉलेज भजनपुर में 19 लाख रुपये की लागत से जल्द ही पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्रामीण निर्माण विभाग को सौंपी गई है। विभाग ने पुस्तकालय निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और पुस्तकें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लंबे समय से पुस्तकालय निर्माण की मांग की जा रही थी। इस पर शिक्षा विभाग ने डीपीआर तैयार कर निदेशालय को भेजी थी।
बीते दिनों डीपीआर को स्वीकृति मिलने के साथ ही इसके लिए धनराशि भी अवमुक्त हो गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को सौंपी गई है।
कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के मुताबिक, पुस्तकालय निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। पुस्तकालय बनने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध हो सकेंगी।
-
बनबसा क्षेत्र के पूर्णानंद राजकीय इंटर कॉलेज भजनपुर में 19 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय का निर्माण किया जाना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-सुनील दताल, ईई, ग्रामीण निर्माण विभाग, चंपावत