धारचूला (पिथौरागढ़)। ऐतिहासिक जौलजीबी मेला अपने अंतिम चरण में है। भारत और नेपाल के कलाकार हर दिन इसमें नए-नए रंग भर रहे हैं। काली और गोरी नदी के संगम पर बसे जौलजीबी में दोनों तरफ के सीमावर्ती क्षेत्र के लोग देर रात तक इन मनमोहक कार्यक्रमों का आनंद उठा रहे हैं। नवें दिन की सांस्कृतिक संध्या में हिमनाद लाइव बैंड तथा उसके संस्थापक और सिंगर शैरी सिंगर यानी दीपक सिंह बिष्ट, ललित गित्यार और जूनियर रामचंद्र काफ्ले के नाम से जाने जाने वाले आशीष फिरमाल आदि कलाकारों ने धमाल मचाया।
मेले की 9वीं सांस्कृतिक संध्या में शैरी सिंगर ने पहाड़ी राग पर आधारित गीत हुस्न पहाड़ों का, दैना होया खोली का गणेशा हो, हिमाला को ऊंचा डाना प्यारो मेरो गांव सहित सूफी संगीत के चुनिंदा गीतों से भावविभोर किया। ललित गित्यार ने टुकुर-टुकुर चांछू तभै घड़ी-घड़ी एन मा, ब्वारी चाहा पिला दे मैस एक घुटूक तो आशीष फिरमाल ने नेपाली गीत ड्राईभर ममाइलो मोटर चलाउदै नेपाली गाना, हिमचुलीमा मा घाम लाग्यो घमाइलो आदि गीतों से लोगों को झूमने पर विवश कर दिया।
जूनियर ग्रैंड फिनाले के परिणाम घोषित
मेले के नवें दिन दिन में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस दौरान विद्यालयी कार्यक्रमों के जूनियर वर्ग ग्रैंड फिनाले के परिणाम घोषित किए गए। मल्लिकार्जुन पब्लिक स्कूल मदकोट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी और 5000 रुपये की पुरस्कार राशि जीती। दूसरे स्थान पर न्यू सन राइज पब्लिक स्कूल धारचूला को 3000 रुपये, तृतीय स्थान पर मल्लिकार्जुन पब्लिक स्कूल धारचूला को 2000 रुपये, चतुर्थ स्थान पर पीएनएफ बलुवाकोट डेढ़ हजार तथा ऐंजल कान्वेंट स्कूल बलुवाकोट ने एक हजार रुपये के साथ पांचवा स्थान हासिल किया। कार्यक्रमों का संचालन शंकर दत्त भट्ट, करन सिंह थापा, एआर दाताल और डॉ. शुभम भट्ट ने किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
मेलाधिकारी आशीष जोशी, फराज मियां, सहायक मेलाधिकारी दमन शेखर राणा, एसएचओ कोतवाली जौलजीबी हरेंद्र सिंह नेगी, ग्राम प्रधान दुतिबगड़ कविता अवस्थी, प्रधान दांतू विमल देवी, ढूंगातोली के भूपेंद्र राम, व्यापार मंडल जौलजीबी अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू, लीला बनग्याल, क्षेत्र पंचायत सदस्य शैलेश पाल, पूर्व ग्राम प्रधान खगेंद्र अवस्थी, केदार सिंह धामी, गोविंद सिंह भंडारी, गोविंद आर्या, जानकी बुर्फ़ाल, गोविंद आर्या आदि उपस्थित रहे।