मुनस्यारी के सरमोली गांव में तेंदुए की सूचना के बाद गश्त करती वन विभाग की टीम। स्रोत : वन विभाग
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। विकासखंड के सरमोली गांव में बड़ी घटना होने से बच गई। आंगन में खेल रहे बच्चों के बीच अचानक एक तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुए को देख बच्चों के होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे जिससे तेंदुआ भाग गया। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत काफी बढ़ गई है। हालात यह हैं कि दिन के उजाले में भी लोग बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में डर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बीते शनिवार की शाम को गांव के बच्चे भुप्पी पांगती के आंगन में खेल रहे थे। इस बीच वहां एक तेंदुआ पहुंच गया। बच्चों के हो-हल्ला करने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया जिस पर तेंदुआ मौके से भाग गया। इसके कुछ देर बाद ही फिर से तेंदुआ वहां पहुंच गया जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों को बच्चों को घरों के भीतर कैद करना पड़ा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
वन विभाग की टीम ने गांव में पहुंच कर रात 11 बजे तक गश्त करते हुए तेंदुए की सक्रियता का पता लगाया। पटाखे भी फोड़े गए लेकिन तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया। तेंदुए के दिनदहाड़े गांव में पहुंचने से हर कोई डरा हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि अब बच्चों को अकेले बाहर भेजने में डर लग रहा है। वन क्षेत्राधिकारी लवराज पांगती ने ग्रामीणों से सावधान रहने और रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। संवाद