पिथौरागढ़। एलएसएम परिसर में एमए की एक छात्रा और बीए का छात्र नकल करते पकड़े गए। परिसर प्रबंधन ने एसएसजे विश्वविद्यालय को जानकारी देते हुए संबंधित छात्र-छात्रा के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। परिसर प्रबंधन के मुताबिक 736 विद्यार्थियों ने स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षा दी जबकि 23 रहे अनुपस्थित रहे।
सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवेंद्र सिंह धामी ने बताया कि परिसर में स्नातक और स्नातकोत्तर के द्वितीय, चतुर्थ, छठे सेमेस्टर की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी के 759 विद्यार्थी पंजीकृत थे। 23 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान एमए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा और बीए छठे सेमेस्टर का छात्र नकल करते पकड़ा गया। दोनों की उत्तर पुस्तिका और नकल सामग्री सील कर विश्वविद्यालय को भेजी गई है। विश्वविद्यालय प्रबंधन संबंधित छात्र-छात्रा के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए विश्वविद्यालय गंभीर है। हर परीक्षार्थी की गहन जांच की जा रही है।