मुवानी (पिथौरागढ़)। लाडली के हत्यारों को फांसी दो नारों के साथ बुधवार को मुवानी में स्कूली बच्चों ने जुलूस निकाला। बच्चे हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतर गए। कुछ देर तक व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और जुलूस में शामिल हो गए। लाडली के मामले में जिले में लोगों का आक्रोश अभी थमा नहीं है।
जीआईसी की छात्रा दीपिका भट्ट, नेहा सुनार, कपिल बोरा के आह्वान पर आज जीआईसी, प्राथमिक स्कूल, कन्या जूनियर हाईस्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, हिमालया मांटेसरी स्कूल, प्रगति पब्लिक स्कूल के बच्चों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और जुलूस निकाला। बच्चों ने कहा कि लाडली के साथ जो कुछ हुआ वह हैवानियत की पराकाष्ठा है। ऐसी घटनाएं दुबारा न हों इसके लिए आरोपियों को तत्काल फांसी पर लटकाया जाए। जुलूस के दौरान व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद किए। जुलूस में संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश बम, व्यापार संघ अध्यक्ष संजय वर्मा, नवनीत कार्की, देवी पाल, दीपक कार्की, पप्पू पुजारा, कुंदन पुजारा, पवन बोरा, कृष्ण कुमार, श्याम सिंह कार्की, लोकेश, नीरज, मनोज समेत भारी संख्या में छात्र छात्रा शामिल हुए। बाद में प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा गया और मांग की गई कि लाडली मामले में सही ढंग से पैरवी की जाए ताकि अपराधी किसी भी सूरत में न बच सकें।