पिथौरागढ़। गैस एजेंसी को सोमवार को हल्दूचौड़ स्थित प्लांट से एकमुश्त रसोईगैस के 1344 सिलेंडर मिल गए। आज छह ट्रकों में भरकर रसोईगैस के सिलेंडर पहुंचने से राहत मिली है। इनमें से दो ट्रक आठगांवशिलिंग और मरसोली भेजे गए। दो ट्रकों में लदे सिलेंडरों का वितरण नगर में किया गया। दो ट्रक अभी सुरक्षित रखे गए हैं। ग्रामीण अंचलों में जाख, विषाड़, अड़किनी और कनालीछीना को लंबे समय से रसोईगैस की सप्लाई नहीं हो पाई है। अब वरीयता में नगर के साथ साथ ग्रामीण अंचल को भी रखा जा रहा है।
गैस एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि आज कुछ दिनों से रुके हुए ट्रक एक साथ निकल आए। ग्रामीण अंचलों में वितरण के लिए ज्यादा ट्रक उपलब्ध न हो पाने के कारण सिर्फ दो ट्रक ही भेजने पड़े हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि यदि इसी गति से रसोईगैस के सिलेंडर मिलते रहें तो संकट जल्दी समाप्त हो जाएगा।
गैस एजेंसी के प्रबंधक डीके जोशी ने बताया कि स्थिति को सामान्य बनाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा दबाव व्यावसायिक सिलेंडरों को खपाने का है। हर ट्रक में आ रहे छह व्यावसायिक सिलेंडरों को शाम तक होटल व्यवसायियों को अनिवार्य रूप से बेचा जाना है। यदि किसी ट्रक में एक भी व्यावसायिक सिलेंडर शेष रह गया तो ट्रक प्लांट को वापस नहीं भेजा जाता। ऐसे में होटल व्यवसायियों से सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि अब स्थिति धीरे धीरे सामान्य की ओर बढ़ रही है।