पिथौरागढ़। रामगंगा से पिथौरागढ़ नगर और आसपास के गांवों के लिए प्रस्तावित आंवलाघाट पंपिंग पेयजल योजना का भूमि पूजन शनिवार को मोस्टामानू के हैदर गार्डन में संपन्न हो गया। उत्तराखंड पेयजल निगम योजना का निर्माण कर रहा है। भूमि पूजन के समय किसी नेता को नहीं बुलाया गया था। पेयजल निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी इस मौके पर मौजूद रहे। 79 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत वाली इस योजना के लिए सरकार ने पहले चरण में 10 करोड़ रुपए की राशि अवमुक्त कराई है। मार्च 2017 तक योजना का काम पूरा होने की उम्मीद है।
योजना के बारे में बताया गया है कि इससे पिथौरागढ़ नगर और उससे सटे 20 गांवों की 90 हजार आबादी को 12.93 एमएलडी पानी की सप्लाई होगी। योजना में स्रोत से मुख्य टंकी तक 27 किलोमीटर लंबी लाइन बिछेगी। मुख्य टंकी से वितरण के लिए 11 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिस हैदर गार्डन में आज भूमि पूजन हुआ वहां पर पांच हजार किलोलीटर की मुख्य टंकी बनेगी। इसके बाद दो टंकियां लोनिवि विश्रामगृह के पास, एक-एक टंकी जजी कोर्ट, भाटकोट, जाखनी, पुलिस लाइन में बनाए जाएंगे। योजना निर्माण के कामों की देखरेख के लिए जल निगम के पांच अधिकारियों की तैनाती की गई है। भूमि पूजन के समय पेयजल निगम के महाप्रबंधक भजन सिंह, मुख्य अभियंता एसके अग्रवाल, जिलाधिकारी एचसी सेमवाल, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, जल संस्थान के महाप्रबंधक उत्तम कुमार, समाजसेवी महेश मखौलिया, लक्ष्मण सिंह बसेड़ा, लाल सिंह मेहता, इकबाल अहमद, जल निगम के अधीक्षण अभियंता एलएम कर्नाटक, अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश, सहायक अभियंता जीबी पाटनी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।