धारचूला। बूंदी से धारचूला आ रहे यूटी एयर इंडिया के हेलीकाप्टर में खराबी आने के कारण उसे खेला में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। धारचूला से गया दूसरा हेलीकाप्टर पायलट टीम को सकुशल धारचूला ले आया।
बुधवार को करीब शाम पांच बजे बूंदी से यात्रियों को छोड़कर धारचूला की ओर आ रहे हेलीकाप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने हेलीकाप्टर को तवाघाट और धारचूला के बीच में खेला के रपली मैदान में कुशलता से उतार दिया। हेलीकाप्टर के रपली मैदान में सुरक्षित उतरने के बाद पायलट दल के सदस्यों ने राहत की सांस ली। इसकी सूचना एसडीएम प्रमोद कुमार को दी गई। एसडीएम ने धारचूला से दूसरा हेलीकाप्टर मौके पर भेजा, जिसमें खराब हेलीकाप्टर की पायलट टीम को धारचूला लाया गया। एसडीएम ने बताया कि हेलीकाप्टर की सुरक्षा के लिए लोग तैनात कर दिए हैं। बृहस्पतिवार को देहरादून से मैकेनिक हेलीकाप्टर को ठीक करने के लिए खेला पहुंचेंगे।