नाचनी। नाचनी क्षेत्र में एक पागल कुत्ते नेे चार लोगों के साथ ही कई अन्य कुत्तों को काट दिया। पागल कुत्ते के आतंक से इलाके में दहशत का माहौल है।
रविवार को बाजार में अचानक एक आवारा कुत्ता आ गया। देखते ही देखते कुत्ते ने कुंवर सिंह चुफाल (38), प्रताप सिंह पिपलिया (35), राकेश कुमार (22), चंद्रभानु कार्की (17) को काट दिया। इन लोगों को क्वीटी चिकित्सालय में एंटी रैबीज के टीके लगाए गए। इसके बाद पागल कुत्ते ने कई पालतू और आवारा कुत्तों को भी काट दिया। लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे। पागल कुत्ते के आतंक से इलाके में दहशत है। लोगों ने तत्काल पागल कुत्ते को मरवाने के साथ ही क्वीटी अस्पताल में एंटी रैबीज के टीकों की पूरी व्यवस्था करने की मांग प्रशासन से की है।
उधर, पशु चिकित्साधिकारी प्रेमलता चौहान ने कुत्ता पालकों से अपील की है कि अपने कुत्तों को खुला न छोड़ें। यदि किसी कुत्ते को पागल कुत्ते ने काट दिया है तो उसे तत्काल एनटी रैबीज के टीके लगवाएं। जिन लोगों के कुत्तों को दोबारा एंटी रैबीज के टीके लगने हैं, वह भी तत्काल लगवा लें। कहा है कि एंटी रैबीज के टीके लगने से बीमारी नहीं होती है।