पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के राशनकार्ड बनाने के प्रति लोगों में कम रुचि दिखाई दे रही है। अन्य स्थानों पर इस योजना में शामिल होने के लिए ज्यादा आवेदन आ चुके हैं लेकिन पिथौरागढ़ नगर में इसका निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए जिला पूर्ति विभाग और नगरपालिका को मेहनत करनी पड़ रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन ने बताया कि पिथौरागढ़ नगरपालिका क्षेत्र में 15 हजार रुपये से कम मासिक आमदनी वाले 6230 राशनकार्ड बनने हैं। इनमें से अब तक 5560 राशनकार्ड ही बन पाए हैं। लक्ष्य को पूरा करने के लिए लोगों को एक और अवसर दिया जा रहा है। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी ने बताया कि राशन कार्ड बनाने के लिए 11 से 13 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को आय प्रमाणपत्र, पुराना राशन कार्ड, रसोई गैस का कनेक्शन कार्ड, परिवार की वरिष्ठतम महिला की दो फोटो, महिला का मतदाता पहचान पत्र, बैंक खाता संख्या जमा करना होगा। ऐसे लोगों को राशन कार्ड हाथों हाथ दे दिया जाएगा।
इधर, पूर्ति विभाग ने जिले के ग्रामीण अंचलों में राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। सभी स्थानों पर लोगों को राशन कार्ड दे दिए गए हैं और उनको राशन भी मिलने लगा है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में भी राशन कार्ड बनाने का सौ फीसदी लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।