डीडीहाट। धारचूला और डीडीहाट तहसील के 45 वनराजि परिवारों को जमीन का हक मिल गया है। जमीनी हक मिलने से वनराजि परिवारों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
भूमि अधिकार मंच और अर्पण संस्था के कार्यकर्ताओं ने धारचूला तहसील के किमखोला गांव के 26 और डीडीहाट तहसील के मदनपुरी और कुटाचौरानी गांव के 19 परिवारों को भूमि के पट्टे प्रदान किए। तहसील प्रशासन ने भूमि संबंधी पट्टे मंगलवार को भूमि अधिकार मंच और अर्पण संस्था के लोगों को प्रदान किए थे। पट्टे मिलने से वनराजि समुदाय के लोगों को समाज की मुख्य धारा में शामिल होने का मौका मिलेगा। भूमि अधिकार मंच सदस्य गोविंद रजवार ने कहा कि जमीन का पट्टा न होने से वनराजि परिवारों के प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे थे। पट्टा मिलने से इन परिवारों को फायदा होगा। अर्पण संस्था की सदस्या खीमा देवी ने बताया कि अभी मदनपुरी और कुटा के 10, चिफलतरा के 9, किमखोला और भगतिरवा के 7 परिवारों को पट्टे मिलने शेष हैं। जिसके लिए संस्था प्रयास जारी रखेगी। पट्टे वितरण में करम सिंह धामी, किरन ग्वाल, मनोज कुमार, भीम सिंह, बसंत लुंठी, नंदन सिंह, पद्मा देवी आदि मौजूद थे।