पिथौरागढ़। पुलिस लाइन रोड में स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में रहने वाले 50 छात्र पिछले चार महीने से भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान के कारण छात्रावास को जाने वाला रास्ता, पानी की लाइन ध्वस्त हो चुकी है। छात्र कई बार अफसरों के सामने यह मामला रख चुके हैं लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है। इधर, जिला समाज कल्याण अधिकारी एनके शर्मा ने कहा है कि छात्रों की समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा। इस छात्रावास का संचालन समाज कल्याण विभाग करता है।
छात्रों ने बताया कि नवंबर में प्रशासन ने पुलिस लाइन रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। उस समय छात्रावास को जाने वाली पानी की लाइन टूट गई। रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चार माह बीतने पर भी सेवाएं बहाल नहीं की गई हैं। छात्रों ने बताया कि वह कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस छात्रावास में बीपीएल और अंत्योदय श्रेणी के छात्रों को प्रवेश मिलता है। छात्र सूरज, अनिल, जगदीश, रामू, सर्वजीत आदि ने बताया कि अब परीक्षा का समय नजदीक आ रहा है। यदि समस्या जल्दी हल नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि छात्रावास की पानी की लाइन जल्दी ठीक की जाएगी। रास्ते की भी मरम्मत की जाएगी।