पिथौरागढ़। 2013 की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में राज्य स्तर की मेरिट में स्थान बनाने वाली सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा सुचित्रा पाठक और सुनीता पाठक को पिछले दिनों रामनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। दोनों छात्राओं को टेबलेट दिए गए।
मंगलवार को एक कार्यक्रम में दोनों बालिकाओं का अभिनंदन किया गया। प्रधानाचार्य रेखा जोशी ने बताया कि सुचित्रा पाठक ने हाईस्कूल की परीक्षा में 92 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य की मेरिट में 13वां स्थान बनाया था। जबकि सुनीता पाठक ने इंटर की परीक्षा में 89.6 प्रतिशत अंकों के साथ आठवां स्थान बनाया था। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राम दत्त जोशी, उपाध्यक्ष गोविंदी कोरंगा, प्रबंधक प्रेमा कोश्यारी, सह प्रबंधक राजेंद्र मित्तल, कोषाध्यक्ष देवेंद्र मित्तल, रतनलाला, प्रेमा उप्रेती, भागीरथी जोशी, शांति जोशी आदि ने बालिकाओं को बधाई दी है। सुचित्रा इस समय इसी विद्यालय में कक्षा 11 में है। जबकि सुनीता डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष में पढ़ रही है।