पिथौरागढ़। पुलिस अधीक्षक वीकेएस कार्की ने कहा है कि नियमों के खिलाफ संचालित होने वाले वाहनों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में मासिक समीक्षा बैठक में उन्होंने हर थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि क्षमता से ज्यादा सवारियां ढोने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
एसपी ने अभियोगों की विवेचना का काम तेजी से किया जाए। विवेचना में देरी के लिए संबंधित थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। थानों में लंबित माल का निस्तारण मार्च तक करने के निर्देश दिए। शिक्षण संस्थानों में रैगिंग पर अंकुश लगाने, महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी और प्रचार माध्यमों का सहारा लिया जाएगा। महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि थानों में यदि सोलर वाटर हीटर खराब हों तो उनको तत्काल ठीक किया जाए, थानों में लगे वाटर प्यूरीफायर की उचित देखभाल की जाए। उन्होंने नए भर्ती सिपाहियों को आदेश दिया कि वह तत्काल अपनी संपत्ति का विवरण संबंधित थाने में दें। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी मेडिकल रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी होगी। उसे चरित्र पंजिका में शामिल किया जाएगा। बैठक में सभी थानों के प्रभारी उपस्थित थे।