पिथौरागढ़। सेना में कार्यरत पिथौरागढ़ के महावीर राकेश चंद ने पंजाब के जालंधर में हुई 40 से 50 वर्ष आयुवर्ग की बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में मास्टर इंडिया का खिताब जीता है। राकेश महाराष्ट्र की ओर से बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं।
मूल रूप से बीसाबजेड़ निवासी राकेश (42) पुत्र अर्जुन चंद वर्तमान में पिथौरागढ़ के रई बैंड रहते हैं। वह आर्मी आडिनेंस में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय राइफल में जम्मू में तैनात हैं। 8 से 10 मार्च तक इंडियन बाडी बिल्डिंग एंड फिटनेस फेडरेशन के तत्वावधान में जालंधर में हुई बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने मास्टर इंडिया का खिताब हासिल किया। वह इससे पूर्व मिस्टर महाराष्ट्र भी रह चुके हैं। इन दिनों छुट्टियों में घर आए राकेश ने बताया कि वह नित्य चार घंटा व्यायाम करते हैं। 18 साल की उम्र से बाडी बिल्डिंग से जुड़े हैं।
राज्य के स्थान पर महाराष्ट्र को चुनने के सवाल पर वह कहते हैं कि उत्तराखंड में प्रोत्साहन मिलता तो वह अवश्य अपने राज्य से बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते। कहते हैं बाडी बिल्डिंग जैसे खेल को प्रोत्साहित करना चाहिए, क्योंकि राज्य के युवाओं का रुझान बाडी बिल्डिंग की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों में खुशी व्याप्त है।