पिथौरागढ़। मूनाकोट विकासखंड में महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना (मनरेगा) के तहत किए गए विकास कार्यों का तीन माह बाद भी भुगतान न होने से नाराज लोगों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी बीएल राना को ज्ञापन सौंपा।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोज भट्ट के नेतृत्व में यहां पहुंचे लोगों ने अपर जिलाधिकारी को काम करने के तीन महीने बाद भी मजदूरी का भुगतान न होने की जानकारी देते हुए बताया कि मजदूरों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। कहा कि मजदूर काम कराने वाले ग्राम प्रधानों पर लगातार भुगतान के लिए दबाव डाल रहे हैं।
इन लोगों का कहना था कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में काम का भुगतान न किया जाना कहीं न कहीं योजना के प्रति अधिकारियों में संवेदनशीलता के अभाव को दर्शाता है। शिष्टमंडल ने मनरेगा के कामों का भुगतान कराने की मांग अपर जिलाधिकारी से की। एडीएम ने जानकारी हासिल कर मनरेगा के कामों का भुगतान कराने की बात कही है। एडीएम से मिलने वालों में ग्राम प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष अशोक भट्ट, ग्राम प्रधान भावना चंद, लीलावती देवी, गिरीश पुनेठा, कौशल्या देवी, गीता जोशी पुष्पा देवी, दिवस चंद, देवेंद्र भट्ट, प्रकाश सौन, पुष्कर सिंह मेहता शामिल थे।