जौलजीबी/धारचूला। काली एवं गोरी नदी के संगम पर ग्यारह दिवसीय जौलजीबी मेले का रंगारंग समापन विधायक हरीश धामी ने किया। कहा कि पहली बार प्रदेश सरकार ने मेले के लिए दस लाख रुपये मंजूर किए हैं। इस धनराशि में पांच लाख रुपये रिलीज भी हो चुके हैं। उन्होंने भविष्य में मेले को और बेहतर रूप देने का ऐलान किया। स्थानीय लोगों ने इस सहयोग के लिए विधायक का आभार जताया। इस मौके पर मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। मेले का समापन आज हो गया लेकिन व्यापारिक गतिविधियां अभी एक सप्ताह और चलेगी।
समापन समारोह में विधायक धामी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह पूरी तरह प्रयासरत हैं। अस्कोट मृग विहार का दायरा कम करने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जा रहा है। अगर मार्च तक यह मांग पूरी नहीं की गई, तो वह विधानसभा के सम्मुख धरना देंगे। मेलाधिकारी उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि विगत वर्ष तक मेले के संचालन के लिए धन की कमी बड़ी बाधक बनती थी। शासन से धन मिलने से अब यह संकट नहीं रहेगा।
लक्ष्मण सिंह बिष्ट के संचालन में हुए कार्यक्रम में जौलजीबी के ग्राम प्रधान हरि राम, शकुंतला दताल, लीला बंग्याल, जौलजीबी व्यापार संघ अध्यक्ष राम सिंह पाल, पूर्व अध्यक्ष दौलत पाल, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष कैलाश रावत, सांसद प्रतिनिधि नेत्र सिंह कुंवर, धारचूला व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा आदि मौजूद थे।