पिथौरागढ़। डिग्री कालेज के खेल मैदान में चल रही प्रादेशिक बालिका फुटबाल प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ और पौड़ी की टीमों का जीत का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। यहां खेले गए अहम मुकाबलों ने पिथौरागढ़ ने देहरादून और चंपावत को पराजित कर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं पौड़ी की टीम ने भी अपने दोनों मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। शिक्षा विभाग और केएनयू राजकीय इंटर कालेज के तत्वावधान में चल रही प्रादेशिक फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन का पहला मुकाबला चंपावत और पौड़ी की टीमों के बीच खेला गया। इस मुकाबले को पौड़ी की टीम 4-0 से जीतने मेें कामियाब रही। पौड़ी ने अपने दूसरे मुकाबले में देहरादून को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। बुधवार को पिथौरागढ़ की टीम ने पहले मुकाबले में चंपावत की टीम को शून्य के मुकाबले दो गोल से पराजित किया और दूसरे मुकाबले में देहरादून को 3-0 से हराया। इस जीत के बल पर पिथौरागढ़ की टीम फाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बन गई। फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा।
निर्णायक की भूमिका कवींद्र मेहता, भूपाल सिंह चुफाल, शुभम रावत, राजेश मोहन ने अदा की। मुकाबलों को संपन्न कराने में आनंद सिंह रावत, मनोज वर्मा, अर्जुन सिंह, गोविंद भट्ट, मुकेश उपाध्याय, संजय जोशी, विनोद पंत, पुष्पा थापा, डीएन जोशी, उषा खंडूरी ने विशेष सहयोग दिया।