पिथौरागढ़/बेरीनाग । हिंदू जागरण मंच ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई हमले के प्रमुख आरोपी पाकिस्तानी अजमल कसाब को फांसी मिलने पर मिष्ठान वितरित कर खुशी जताई। हिंजामं कार्यकर्ताओं ने सरकार से संसद पर हमले के आरोपी अफजल गुरु को भी फंासी पर लटकाने की मांग की है।
कसाब को फंासी दिए जाने की सूचना मिलते ही हिंजामं के जिलाध्यक्ष महेंद्र चमाली के नेतृत्व में गांधी चौक में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी की। इस अवसर पर मिठाइयां भी बांटी गईं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार के इस फैसले के बाद देश में अराजकता का माहौल पैदा करने वाले लोगों के दिल में खौफ पैदा होगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार भविष्य में भी देशद्रोहियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई करेगी तो सरकार को हिंजामं का पूरा समर्थन मिलेगा। अफजल गुरु को भी जल्द से जल्द फांसी के फंदे में लटकाने की मांग की गई। कार्यक्रम में महेश जोशी, नवीन शर्मा, भूपेंद्र, महेंद्र, गोविंद भट्ट, डा.मनोज जोशी, राजकुमार, रोहित, विक्रांत, दीपक, अजय वर्मा, पंकज पंगरिया, नरेश बिष्ट, अभिषेक आदि मौजूद थे। बेरीनाग में विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। मुख्य चौक में जमकर आतिशबाजी भी की गई। इस अवसर पर छात्र संघ अध्यख महेश कार्की, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजकुमार शाह, इंद्र सिंह धानिक, मनीष पंत, भरत धानिक, अमित पाठक आदि मौजूद थे।